October 19, 2026

ऑपरेशन प्रहार में पूंजीपथरा पुलिस का बड़ा प्रहार

0
IMG-20261008-WA0000

10 चक्का ट्रक में 23.880 टन अवैध स्क्रैप पकड़ा, ₹9.57 लाख के कबाड़ समेत करीब ₹18 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और परिवहन पर रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से 23.880 टन अवैध स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस ने स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख 57 हजार बताई है, जबकि ट्रक सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹18 लाख आंकी गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पूंजीपथरा पुलिस अवैध कबाड़ के परिवहन पर लगातार नजर बनाए हुए है।

✨मुखबिर की सूचना पर सड़क पर दबोचा ट्रक

पुलिस को 6 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि एक 10 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को रोक लिया।

तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने चालक स्युवीर सिंह पिता गुरूदयाल सिंह, उम्र 51 वर्ष, निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा से कबाड़ के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

⚡23.880 टन स्क्रैप का हुआ वजन

पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से स्क्रैप लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने ट्रक में लदे स्क्रैप का कांटा कराया, जिसमें कुल 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप पाया गया।

पुलिस ने अवैध स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026, धारा 35(क)(5) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।

✨कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल एवं आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

⚡SSP का दो टूक संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *