November 23, 2026

जनपद पंचायत घरघोड़ा में RTI की अनदेखी पर प्रथम अपील, जिला पंचायत CEO ने जारी किया सख्त आदेश

0
IMG-20261123-WA0000

पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची देने में देरी पर उठे सवाल, 27 नवंबर तक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश

घरघोड़ा। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले में जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी ने जनपद पंचायत घरघोड़ा के जनसूचना अधिकारी को निर्देश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवेदक को मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराते हुए 27 नवंबर 2026 तक पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

आवेदक शैलेश शर्मा ने 15 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत घरघोड़ा में वर्तमान में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नामवार, पदवार सूची तथा उनकी पदस्थापना तिथि की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगी थी। निर्धारित समय में जानकारी नहीं मिलने पर आवेदक ने प्रथम अपील का सहारा लिया।

प्रथम अपील पर सुनवाई के बाद जिला पंचायत रायगढ़ CEO ने आदेश जारी करते हुए कहा कि यदि अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है, तो 27 नवंबर तक जानकारी प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

RTI आवेदन के बाद प्रथम अपील और अब अधिकारी का आदेश—इस पूरे घटनाक्रम ने जनपद पंचायत कार्यालय में सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी कार्यालयों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी सार्वजनिक करने में आखिर देरी क्यों हुई, यह अब चर्चा का विषय है।

अब जनपद पंचायत घरघोड़ा के जनसूचना अधिकारी के सामने प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का पालन करने की जिम्मेदारी है। निर्धारित समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध होती है या नहीं, इस पर आवेदक की नजर बनी हुई है।

27 नवंबर तक जानकारी देने का आदेश, अब जवाबदेही तय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *