September 24, 2026

ऑपरेशन मुस्कान में बड़ी कामयाबी — दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260301-WA0002.jpg

बहला-फुसलाकर काम दिलाने के बहाने मध्यप्रदेश ले गया था आरोपी
सीसीटीवी व त्वरित पतासाजी से घरघोड़ा क्षेत्र से बालिकाएं दस्तयाब
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
एसएसपी का सख्त संदेश — “महिला एवं बाल अपराधों में जीरो टॉलरेंस”

रायगढ़। रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत थाना छाल पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई

21 फरवरी को जोबी क्षेत्र की दो नाबालिग बालिकाओं (उम्र 14 एवं 15 वर्ष) के 18 फरवरी से लापता होने की सूचना थाना छाल में दर्ज कराई गई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 26/2026 एवं 27/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने परिजनों एवं सहेलियों से पूछताछ कर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

आरोपी की पहचान और दबिश

जांच में राजमिस्त्री का कार्य करने वाले संदेही सीताराम सारथी के साथ बालिकाओं को अंतिम बार देखे जाने की जानकारी मिली। लगातार पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि दोनों बालिकाएं घरघोड़ा क्षेत्र स्थित सन स्टील प्लांट, टेंडा नवापारा में देखी गई हैं। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि आरोपी पहले उनके गांव में काम करने आया था और काम दिलाने एवं अच्छे से रखने का झांसा देकर उन्हें अपने साथ अनूपपुर (एमपी) ले गया था।

पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में धारा 18 सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी सीताराम सारथी (35 वर्ष), निवासी पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ऑपरेशन मुस्कान की उल्लेखनीय उपलब्धि

फरवरी माह में दर्ज गुमशुदगी मामलों में 4 बालक एवं 12 नाबालिग बालिकाओं की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस द्वारा अब तक 17 नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब किया जा चुका है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

एसएसपी का संदेश

“अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। बच्चों को किसी के बहकावे में आने से बचाएं। महिला एवं बाल अपराधों में रायगढ़ पुलिस त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करती रहेगी।”

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *