September 24, 2026

खेत में मिला युवक का शव — खरसिया में सनसनी, हत्या का मामला दर्ज

0
IMG-20260301-WA0003.jpg

ग्राम परासकोल की घटना, धारदार हथियार से वार के मिले निशान
एफएसएल, साइबर टीम और डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस ने संभाला मोर्चा
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज, संदेहियों से पूछताछ जारी

रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासकोल में एक युवक का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है।

सुबह मिली सूचना, पुलिस मौके पर पहुंची

आज सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की।

बहन ने बताई घटना की पृष्ठभूमि

मृतक की बहन खुशबू चौहान (23 वर्ष) के अनुसार, अनिल कुमार कल शाम अपने एक दोस्त के साथ दूसरे गांव गया था, जहां उसने खाना-पीना किया। रात करीब 9-10 बजे सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी, लेकिन परिवार ने उस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। आज सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में मृतक के पेट, गले एवं अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है।

हत्या का मामला दर्ज, जांच तेज

थाना खरसिया में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु खरसिया अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू — पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारणों — की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *