संभागायुक्त भी हुए मंत्रमुग्ध, जनसहयोग से बदली मुक्तिधाम की सूरत
संभागायुक्त सुनील जैन ने किया पौधरोपण, जनसहयोग की पहल की सराहना
घरघोड़ा!घरघोड़ा नगर का सबसे पुराना मुक्तिधाम अब अपनी बदहाली से उबरकर स्मृतिवाटिका के रूप में एक नई पहचान गढ़ रहा है। नगरवासियों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में आपसी सहयोग और श्रमदान से इस मुक्तिधाम को ऐसा स्वरूप दिया है, जो आज न केवल अंतिम संस्कार का स्थल है बल्कि शांति, हरियाली और स्मरण का केंद्र भी बन चुका है।
नगरवासियों की इस अनुकरणीय पहल से मुक्तिधाम का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। जहां कभी गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्था का आलम था, वहीं आज वहां वॉल गार्डन, हरियाली और सुसज्जित परिसर देखने को मिल रहा है। अब लोग यहां सैर-सपाटे और आत्मिक शांति के लिए भी पहुंच रहे हैं।

संभागायुक्त ने किया चंदन और अमरूद का पौधरोपण
बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील जैन बुधवार को अपने एकदिवसीय घरघोड़ा प्रवास के दौरान स्मृतिवाटिका पहुंचे। यहां उन्होंने चंदन एवं फलदार अमरूद का पौधा रोपित किया और नगरवासियों द्वारा जनसहयोग से किए गए इस पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
मुक्तिधाम का बदला हुआ स्वरूप देखकर संभागायुक्त सुनील जैन स्वयं भी मंत्रमुग्ध नजर आए। उल्लेखनीय है कि जैन पूर्व में कई वर्षों तक घरघोड़ा के एसडीएम रह चुके हैं, जिससे उनका नगरवासियों से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है।
जनसहयोग से बदली अंतिम पड़ाव की तस्वीर
नगरवासियों ने बताया कि पूर्व में मुक्तिधाम आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। गंदगी, मल-मूत्र और अव्यवस्था के कारण यह स्थल बदहाल हो चुका था। स्थिति को देखते हुए नगर के प्रबुद्धजनों ने जनसहयोग से इसे संवारने का संकल्प लिया।
लोगों ने श्रमदान किया, पौधरोपण किया और लगातार निगरानी रखी, जिससे आज यह स्थल एक आदर्श स्मृतिवाटिका के रूप में विकसित हो सका।
400 से अधिक फलदार और छायादार पौधों से हरियाली
मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार अभियान के तहत अब तक 400 से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए जा चुके हैं।
इनमें से करीब 300 से अधिक पौधे ‘वूमेन फॉर ट्री’ अभियान के अंतर्गत रोपे गए हैं। ये पौधे न केवल मुक्तिधाम की सुंदरता बढ़ा रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं|
भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा हुई स्थापित
नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने बताया कि वर्षों से मुक्तिधाम में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित करने की मनसा थी, जो वर्ष 2026 में साकार हो गई है। हाल ही में शिव प्रतिमा की स्थापना की गई, जिससे इस स्थल का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।
पूर्व कलेक्टर भी कर चुके हैं प्रशंसा
ज्ञात हो कि जिले के चर्चित तत्कालीन कलेक्टर अमित कटारिया भी रेस्ट हाउस से पैदल चलकर मुक्तिधाम पहुंचे थे और जनसहयोग से किए गए इस कार्य की सराहना कर चुके हैं।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नपा के पूर्व अध्यक्ष विजय शिशु सिन्हा, सोमदेव मिश्रा, मनोज विश्वाल, गोविंद अग्रवाल, संजय सिन्हा, विजय पंडा, संदीप पांडेय, संतोष अग्रवाल एवं नीरज शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
