March 27, 2026

सड़क पर कहासुनी के बाद गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, युवक गिरफ्तार

IMG-20260314-WA0001.jpg

रायगढ़। शहर में सड़क पर हुई मामूली कहासुनी के बाद गैस एजेंसी कार्यालय में घुसकर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने वाले युवक को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजा अग्रवाल ने 12 मार्च 2026 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 मार्च की सुबह लगभग 10:30 बजे वह अपने ऑटो से प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस (दुर्गा मंदिर के सामने, बोईरदादर रोड) में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने की बात को लेकर उसकी हल्की कहासुनी हो गई।

बताया गया कि इसके बाद राजा अग्रवाल अपने काम के लिए गैस ऑफिस पहुंच गया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गया। आरोपी ने गैस ऑफिस के अंदर घुसकर डिलीवरी बॉय के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

मारपीट करने वाले युवक से नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम रिहान खान (23 वर्ष) निवासी जिला पंचायत के पीछे, छोटा अतरमुड़ा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ बताया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 333 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उसके घर से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस में घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी रिहान खान को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि शहर में कानून व्यवस्था भंग करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट या गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।