September 24, 2026

आधी रात का खौफनाक हमला: पति ने पत्नी की गर्दन पर हसिया से किया वार, हत्या के प्रयास में गिरफ्तार

0
IMG-20260314-WA0003.jpg

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हसिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संतोष दास महंत (32 वर्ष) निवासी तेंदूभाठा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास संतोषी महंत वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा, जिला सक्ती से प्रेम विवाह कर उसके साथ रह रही थी। हाल ही में दोनों तेंदूभाठा स्थित उनके घर में चल रहे मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए हुए थे।

बताया गया कि 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे गांव के एक पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने विवाद के दौरान संतोषी महंत पर सब्जी काटने वाले लोहे के हसिया (परसूल) से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही परिजन घायल महिला को तुरंत घरघोड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में देखा गया कि महिला के गर्दन, ठुड्डी और दोनों हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह रहा था।

परिजनों ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार हसिया से हमला कर दिया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता की चिकित्सकीय रिपोर्ट प्राप्त होने पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ दी गई।

पूछताछ में आरोपी तुलेश्वर चौहान (39 वर्ष) निवासी जोंगरा पोस्ट मसनियाकला थाना व जिला सक्ती ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का हसिया भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमनी बेहरा एवं आरक्षक भानु चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की हिंसक घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों पर रायगढ़ पुलिस कड़ी और त्वरित कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *