March 27, 2026

अवैध अफीम खेती मामले में बड़ी कार्रवाई: एक और फरार आरोपी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय ऑपरेशन सफल

IMG-20260325-WA0003.jpg

रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके झारखंड स्थित गृहग्राम से दबिश देकर पकड़ा गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में मुख्य आरोपी मार्शल संगा और उसका साथी एमानुएल भेंगरा पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब तीसरे सहयोगी सिप्रियन भेंगरा की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पूरे गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे अवैध अफीम खेती की सूचना पर पुलिस और एएनटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से 60,326 अफीम पौधे बरामद किए थे, जिनका कुल वजन 2877 किलोग्राम पाया गया। साथ ही आरोपियों के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध खेती करना स्वीकार किया था। मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश में रायगढ़ पुलिस की टीमों ने ओडिशा और झारखंड तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान 22 मार्च को जंगल क्षेत्र में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद लगातार दबिश देकर पुलिस ने सिप्रियन भेंगरा को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पूरे अभियान में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।”