September 24, 2026

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार — महिला थाना रायगढ़ की त्वरित कार्रवाई

0
IMG-20260325-WA0002.jpg

रायगढ़। शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय युवती ने 24 मार्च 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सरिया निवासी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34 वर्ष) से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने युवती का विश्वास जीत लिया।

आरोप है कि 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह भयवश चुप रही। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी उसे रायपुर ले गया, जहां अपने रिश्तेदार के घर पर दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः 5 मार्च 2026 को सरिया के बाजार चौक में मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) एवं 69 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुमु कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“महिलाओं एवं बालकों से जुड़े अपराधों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *