तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा युवक, बोलेरो और बाइक में की जमकर तोड़फोड़
विरोध करने पर तलवार लेकर दौड़ाया, जान से मारने की दी धमकी
पुसौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त तलवार जप्त
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश— दहशत फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
रायगढ़। थाना पुसौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोडेकेला में एक युवक द्वारा सनक और आक्रोश में पड़ोसी के घर में घुसकर तलवार से तोड़फोड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल (32 वर्ष) ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी हाथ में धारदार लोहे की तलवार लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 AE 9117 एवं एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AH 6481 पर तलवार से हमला कर जमकर तोड़फोड़ की।
पीड़ित के अनुसार जब उसने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर उस पर हमला करने दौड़ा और जान से मारने की धमकी देने लगा। अपनी जान बचाने के लिए पीड़ित को वहां से भागना पड़ा। इस घटना में दोनों वाहनों को लगभग 25 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है।
शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 324(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मृत्युंजय बिशी (18 वर्ष 03 माह) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जप्त की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा –
“हथियारों के बल पर दहशत फैलाने, घरों में घुसकर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।”
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








