वृद्ध महिला हत्या कांड का 24 घंटे में खुलासा, धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
मां को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, बचाने आई बेटी पर भी किया जानलेवा हमला
हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश— घरेलू हिंसा और हत्या जैसे अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति
रायगढ़, । थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की निर्मम हत्या के मामले का धरमजयगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी शमेरीना लकड़ा (70 वर्ष) अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान पाए गए। वहीं मृतिका की 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बेहोशी की हालत में मिली।

पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्ची को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ पहुंचाया गया। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 103(1), 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा (37 वर्ष) पर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का कार्य करता है और लगातार शराब के नशे में था। उसकी मां मेरीना लकड़ा ने उसे शराब पीने से मना करते हुए फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी गुस्से में घर लौटा और घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां के सिर और कान के पास ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बचाने आई उसकी बेटी अगोस्टिना पर भी जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर जप्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में इस गंभीर मामले का त्वरित खुलासा किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:
“घरेलू हिंसा, हत्या और महिलाओं तथा बुजुर्गों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में कानून के दायरे से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।”
- 28 सितंबर की जनसुनवाई पर संग्राम! - September 23, 2026
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026








