शादी की पार्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद, घर में घुसकर महिलाओं व युवतियों से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
विवाद के बाद आरोपियों ने तोड़ा घर का दरवाजा, महिलाओं और युवतियों से की मारपीट
घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
📍 घरघोड़ा, 19 मई — शादी समारोह के दौरान पार्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। मामला थाना घरघोड़ा क्षेत्र के बरकसपाली गांव का है, जहां घर में घुसकर महिलाओं एवं युवतियों से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती धनमोती सारथी (45 वर्ष) निवासी बरकसपाली ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि 12 मई को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के पुत्र विनोद सारथी के विवाह समारोह में उनके परिवार को आमंत्रित किया गया था। विवाह कार्यक्रम में जाने पर रामलाल सारथी ने उन्हें बाद में अलग से पार्टी देने की बात कहकर वापस भेज दिया था।
बताया गया कि 18 मई की शाम जब धनमोती सारथी ने रामलाल सारथी से पार्टी देने के संबंध में पूछा तो वह नाराज होकर अपने घर चला गया। इसके कुछ समय बाद रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, मंगल सिंह सारथी एवं मनोज सारथी डंडा लेकर प्रार्थिया के घर पहुंचे और दरवाजा खोलने को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर तीनों आरोपियों ने जबरन घर का दरवाजा तोड़ दिया और भीतर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई प्रार्थिया की बेटियां सुक्रिता सारथी और अनिता सारथी के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामलाल सारथी (45 वर्ष), मंगल सिंह सारथी (58 वर्ष) एवं मनोज सारथी (20 वर्ष) निवासी बरकसपाली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
