November 22, 2026

शराब और पार्टी के शौक ने बनाया बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने दो शातिर युवकों को दबोचा, दो पल्सर बरामद

0
IMG-20261111-WA0001

CISF कार्यालय गेट और धरमजयगढ़ के ओंगना से उड़ाई थी बाइक, नंबर प्लेट तोड़कर मिटाया इंजन नंबर, रंग बदलकर छिपाई पहचान

तीसरा आरोपी फरार, गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया; करीब 1.80 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद

घरघोड़ा। शराब और पार्टी के लिए पैसों की जरूरत ऐसी बढ़ी कि दो युवकों ने बाइक चोरी को ही अपना रास्ता बना लिया। चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान मिटाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ी, इंजन नंबर घिसकर मिटाने की कोशिश की और बाइक का रंग तक बदल दिया। लेकिन शातिरों की यह चालाकी घरघोड़ा पुलिस के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। गिरोह का तीसरा सदस्य अभी फरार है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को यह सफलता मिली है।

मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर 2026 को हुई, जब लैलूंगा रोड स्थित CISF कार्यालय गेट के सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 अज्ञात चोरों ने पार कर दी। वाहन मालिक नीलम संजीव बेक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

✨शनि मंदिर के पास बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी गई बाइक और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 10 नवंबर 2026 को लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों सुकसागर राठिया और देव पैंकरा को हिरासत में लिया गया। दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर CISF कार्यालय गेट के सामने से पल्सर चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ओंगना से भी एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने का खुलासा किया।

⚡पहचान छिपाने के लिए अपनाए कई हथकंडे, फिर भी पुलिस से नहीं बच पाए

आरोपियों ने चोरी की बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया और सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी असली पहचान छिपाने की कोशिश की गई। बावजूद इसके पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास को लेकर धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

✨गिरफ्तार आरोपी

1. सुकसागर राठिया, पिता सुंदर राठिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोनपारा, थाना घरघोड़ा।
2. देव पैंकरा, पिता धोबा पैंकरा, उम्र 20 वर्ष, निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा।

दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि उससे पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

⚡इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🛑एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोहों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *