झाड़-फूंक के नाम पर हैवानियत! नींद की दवा पिलाकर महिला से दुष्कर्म, 6 लाख की ठगी का भी आरोप
शादी और बीमारी ठीक करने का दिया झांसा, पूजा-पाठ के बहाने बुलाकर रची साजिश; मुख्य आरोपी के साथ महिला सहयोगी भी गिरफ्तार
घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
घरघोड़ा। अंधविश्वास की आड़ में महिला के साथ दुष्कर्म और लाखों रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने के नाम पर एक महिला को झाड़-फूंक के जाल में फंसाया गया। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाया गया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, पूजा-पाठ और बिजनेस में काम दिलाने का झांसा देकर करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए गए।
मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल (45) और उसकी कथित महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
⚡पूजा के नाम पर बुलाया, बेहोश कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय महिला को मार्च 2026 में एक परिचित के माध्यम से चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। आरोपी ने हाथ देखकर भविष्य बताने, झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने और विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद 8 मार्च 2026 को पूजा-पाठ के बहाने महिला को घरघोड़ा स्थित किराये के मकान में बुलाया गया।
वहां पहले से मौजूद गायत्री मानिकपुरी ने पूजा की सामग्री मंगवाई। इसके बाद चंद्र कुमार ने हवन-पूजन के दौरान महिला को अभिमंत्रित जल बताकर पानी पिलाया। आरोप है कि पानी में नींद की दवा मिली हुई थी। कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई और इसी हालत में मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
⚡पूजा-पाठ से बिजनेस तक, करीब 6 लाख रुपये वसूलने का आरोप
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग बहानों से करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत करने की बात कहने पर डराने-धमकाने का भी आरोप है।
✨दोनों के बीच पुराना प्रेम संबंध, मिलकर रची साजिश
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर महिला को पूजा-पाठ के बहाने बुलाने और उसे नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी।
5 नवंबर 2026 को पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। घटनास्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण घरघोड़ा पुलिस को स्थानांतरित किया गया। अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 8 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
✨घरघोड़ा पुलिस की टीम ने की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं पुलिस स्टाफ ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी की अपील: झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
