November 22, 2026

सराईपाली में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

0
IMG-20261113-WA0003

बीच बस्ती में खुलेआम तलवार लेकर लोगों को दे रहा था धमकी, सूचना मिलते ही एक्शन में आई पूंजीपथरा पुलिस

तालाब के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी, धारदार तलवार जब्त; एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी

रायगढ़। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाना एक युवक को भारी पड़ गया। ग्राम सराईपाली की बीच बस्ती में तलवार लेकर खुलेआम घूमने और आम लोगों को गाली-गलौज कर डराने-धमकाने वाले युवक को पूंजीपथरा पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। न्यायालय में पेशी के बाद जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली कि ग्राम सराईपाली में एक युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर खुलेआम लहरा रहा है और लोगों को गाली-गलौज करते हुए धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लिया और उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी तालाब के पास तलवार लहराते हुए मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी का कृत्य धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप सिंह सिदार (32 वर्ष), पिता ईश्वर प्रसाद, निवासी ग्राम सराईपाली, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई है। न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

⚡पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, आरक्षक विक्रांत भगत एवं आरक्षक सुरेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

✨एसएसपी का दो टूक संदेश – हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों की खैर नहीं

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर भय और दहशत का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और हथियारों के दम पर लोगों को डराने वालों के खिलाफ पुलिस का रुख सख्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *