May 30, 2026

“विद्युत कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन: मांगों पर आर-पार की तैयारी, बड़ा आंदोलन करने के संकेत”

compressed_200kb.jpg

रायगढ़!छत्तीसगढ़ के तकनीकी विद्युत कर्मचारियों ने अब अपने अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर संघर्ष का बिगुल फूंकने के संकेत दे दिए हैं। रायपुर में 26 मई को आयोजित छत्तीसगढ़ तकनीकी विद्युत कर्मचारी एकता यूनियन की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई और सर्वसम्मति से कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार मालाकार ने की, जिसमें प्रदेशभर से केंद्रीय पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक के दौरान विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में तकनीकी कर्मचारियों की समस्याओं और चुनौतियों को संगठन के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि वर्षों से लंबित कई मुद्दों पर अब निर्णायक पहल की आवश्यकता है।

*बैठक में उठीं प्रमुख मांगें:*

⚡ पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली
⚡ शेष आईटीआई कर्मचारियों को तकनीकी सहायक पद पर शीघ्र पदोन्नति
⚡ संविदा कर्मचारियों का तत्काल नियमितीकरण
⚡ रिक्त तकनीकी पदों पर नियमित भर्ती
⚡ ड्यूटी के दौरान विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा हेतु सख्त कानून
⚡ नियमित कर्मचारियों को पूर्णतः निशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा
⚡ पदोन्नति वाले तकनीकी पदों की संख्या में वृद्धि

बैठक में संगठन ने स्पष्ट संकेत दिया कि यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जा सकता है। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर कर्मचारियों को एकजुट करने का निर्णय लिया गया।

महामंत्री श्रीकांत सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा—

“सभी साथी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करें और संगठन की रीति-नीति से लोगों को जोड़ें। संगठन जितना मजबूत होगा, कर्मचारियों की आवाज उतनी प्रभावी होगी।”

बैठक के दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष ने वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखते हुए संगठन के कोष संबंधी संपूर्ण जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा की।

बैठक के पश्चात यूनियन के केंद्रीय पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल डगनिया मुख्यालय पहुंचा, जहां उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों द्वारा सकारात्मक चर्चा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी भी सामने आई।

बैठक के अंत में प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन ने कर्मचारियों की एकजुटता को ही सबसे बड़ी ताकत बताया।

“एकता यूनियन जिंदाबाद, कर्मचारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ बैठक का समापन हुआ।