June 13, 2026

“उधारी के 5 हजार मांगना पड़ा भारी” : महिला के घर में घुसकर मारपीट करने वाले दो भाई 24 घंटे में गिरफ्तार

IMG-20260609-WA0002.jpg

घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला से गाली-गलौच और मारपीट करने वाले आरोपी भेजे गए जेल

ढाबा संचालिका महिला के साथ अभद्रता, धमकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने दिखाई सख्ती

रायगढ़/घरघोड़ा।उधार दिए गए पैसों की मांग करना एक महिला को उस वक्त भारी पड़ गया, जब पैसे लौटाने के बजाय दो सगे भाई उसके घर में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। मामले की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैहामुड़ा निवासी धनेश्वरी साहू (42 वर्ष) छाल रोड स्थित अपने घर से लगे ढाबे का संचालन करती हैं। करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने परिचित जितेन्द्र साहू को जरूरत पड़ने पर 5,000 रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से पैसे वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

बताया गया कि 08 जून 2026 की शाम लगभग 4 बजे जितेन्द्र साहू अपने भाई राजेन्द्र साहू के साथ महिला के ढाबा-नुमा घर पहुंचा। वहां दोनों आरोपियों ने “कितना पैसा दिए हो रे” कहते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी। महिला द्वारा विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 333, 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। दबिश कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र साहू (21 वर्ष) एवं राजेन्द्र साहू (19 वर्ष), दोनों निवासी बैहामुड़ा, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

⚡ महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के साथ हिंसा, अभद्रता और मारपीट जैसी घटनाओं में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।