जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने अफसरों को लगाई फटकार
मजदूरी भुगतान, किसान सम्मान निधि, अतिक्रमण और सीसी रोड गड़बड़ी मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
रायगढ़। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में सोमवार को आम जनता की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और नागरिकों ने मुआवजा, मजदूरी भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, अतिक्रमण, वन अधिकार पट्टा और सड़क निर्माण में गड़बड़ी जैसे गंभीर मामलों को कलेक्टर के सामने उठाया। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम बड़गांव की लताबाई ने सड़क दुर्घटना में पति की मौत के छह महीने बाद भी सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को तत्काल कार्रवाई कर पात्र सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम कंवरिहा के हलधर पटेल ने नहर निर्माण के दौरान तय सीमा से अधिक भूमि उपयोग किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत पर कलेक्टर ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम साल्हेओना के नंदलाल साव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या रखी, जिस पर संबंधित विभाग को तत्काल निराकरण करने कहा गया।
जनदर्शन में सबसे चर्चित मामला ग्राम पंचायत रेगड़ा के वार्ड क्रमांक-2 में सीसी रोड निर्माण में कथित गड़बड़ी का रहा। वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का दुरुपयोग हुआ है और निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह ग्राम काशीचुवां की ताराबाई साहू ने ईंट-भट्ठे में काम करने के बावजूद मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनदर्शन में वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त, फसल मुआवजा, विद्युत लाइन विस्तार, भूमि सीमांकन, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और वन अधिकार पट्टा से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
👉 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के उपयोग की अपील
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी समस्या का समय पर समाधान नहीं हो रहा है तो वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








