“ऑपरेशन प्रहार” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13 लाख का अवैध आयरन लदा ट्रेलर जब्त
चक्रधरनगर पुलिस ने 8 टन पॉयलट गोली पकड़ी, चालक और वाहन मालिक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके
रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध औद्योगिक सामग्री के परिवहन के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास कार्रवाई करते हुए 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) से भरे एक ट्रेलर वाहन को जब्त किया है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेलर वाहन क्रमांक JH 16 J 6729 में भारी मात्रा में पॉयलट गोली लोड कर संदिग्ध परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास घेराबंदी कर ट्रेलर वाहन को रोका। वाहन में चालक सहित दो व्यक्ति मौजूद मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नंदू वर्मा निवासी रायगढ़ बताया, जबकि साथ बैठे व्यक्ति हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय ने स्वयं को ट्रेलर वाहन का मालिक बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 8 टन पॉयलट गोली लोड पाई गई। पूछताछ के दौरान चालक ने उक्त सामग्री को पूंजीपथरा क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाना बताया, लेकिन जब पुलिस ने परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे तो दोनों कोई भी वैधानिक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला चोरी की औद्योगिक सामग्री के अवैध परिवहन का प्रतीत हुआ, जिसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(क), 35(ड) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रेलर वाहन सहित पूरी सामग्री को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस अब पॉयलट गोली के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच में जुट गई है। मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
👉 कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बालचंद राव, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं विक्रम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🚨 एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन Singh ने कहा—
“औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के अवैध परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे नेटवर्क को चिन्हित कर सुनियोजित अभियान आगे भी चलाया जाएगा।”
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026
- “ऑपरेशन अंकुश” का जंगल में धावा!संबलपुरी जंगल में सज रहा था काटपत्ती का जुआ फड़, चक्रधरनगर-साइबर पुलिस ने मारी रेड - September 21, 2026








