September 24, 2026

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन : बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाने वाला झपटमार गिरोह गिरफ्तार

0
IMG-20260615-WA0015.jpg

लैलूंगा बाजार में सशस्त्र जवानों की सतर्कता से वारदात के तुरंत बाद खुला राज, 5 महिला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के ग्रामीण हाट-बाजारों में महिलाओं और ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी एवं पाकेटमारी करने वाले शातिर गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बलरामपुर जिले से संचालित गिरोह की पांच महिला एवं एक पुरुष सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है, जिसमें 18 ग्राम सोने की चैन, इको कार और मोबाइल फोन शामिल हैं।

मामला शनिवार 13 जून 2026 का है, जब लैलूंगा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो (67 वर्ष) अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली और फरार होने का प्रयास किया। घटना के बाद बाजार में मौजूद कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।

दरअसल, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन Singh के मार्गदर्शन में जिले के सभी साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। लैलूंगा बाजार में भी थाना प्रभारी निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात थी।

घटना की सूचना मिलते ही महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से इको वाहन क्रमांक CG 30 J 8035 में सवार होकर लैलूंगा पहुंचे थे और संगठित तरीके से बाजारों एवं मेलों में महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां छिपने चले गए थे। इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने जशपुर, सरगुजा एवं बलरामपुर पुलिस के सहयोग से देर रात दबिश देकर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी एवं उर्मिला गिरी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 190/2026 धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

👉 पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरधारी साव, आरक्षक विनोद कुजूर, शशिभूषण उरांव, उमेश साय, महिला आरक्षक पूनम साहू एवं लीलावती उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही साइबर सेल रायगढ़, अंबिकापुर एवं जशपुर पुलिस का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

🚨 एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन Singh ने कहा—

“ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। पाकेटमारी और झपटमारी करने वाले संगठित गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़ का फायदा उठाकर अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *