तमनार में अवैध डीएपी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई : 52 बोरी खाद जब्त, वाहन सीज, कृषि केंद्र का विक्रय प्रतिबंधित
रायगढ़। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने और अवैध उर्वरक कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं और परिवहन गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है। इसी अभियान के तहत तमनार विकासखंड में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 बोरी डीएपी खाद जब्त की है।
जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के बाराद्वार से तमनार के भालूमुड़ा तक डीएपी उर्वरक की खेप ले जाई जा रही थी। कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG-11-AB-3152 सहित 52 बैग डीएपी खाद को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को थाना तमनार में सुरक्षित रखा गया है, जबकि उर्वरक को सेवा सहकारी समिति तमनार में अभिरक्षा में रखा गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अन्य जिले से सीधे कृषक के पास उर्वरक का भंडारण किया जा रहा था, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 का उल्लंघन माना जा रहा है। इसके अलावा जब्त डीएपी खाद की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया है। कृषि विभाग ने खाद के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान कृषि विभाग की जांच टीम ने प्रतीक कृषि सेवा केंद्र, झींकाबहाल में भी बड़ी गड़बड़ी पकड़ी। जांच में भौतिक स्टॉक और पीओएस सिस्टम में दर्ज स्टॉक के बीच अंतर पाया गया। अनियमितता सामने आने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से केंद्र के उर्वरक विक्रय पर रोक लगा दी है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक खरीदें तथा खरीदारी के समय बिल अवश्य लें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की जानकारी तुरंत नजदीकी कृषि कार्यालय को देने की अपील भी की गई है।
बताया जा रहा है कि खरीफ सीजन शुरू होने के बाद से अब तक जिले में उर्वरक जब्ती के 4 प्रकरण और विक्रय प्रतिबंध के 20 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
- ऑपरेशन “आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई, 1.295 किलोग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार - June 16, 2026
- तमनार में अवैध डीएपी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई : 52 बोरी खाद जब्त, वाहन सीज, कृषि केंद्र का विक्रय प्रतिबंधित - June 16, 2026
- अदाणी पॉवर और अदाणी फाउंडेशन की ‘युवा सेतु’ पहल से ग्रामीण युवाओं को मिली नई उड़ान 10 गांवों के 132 युवाओं ने लिया हिस्सा, करियर, व्यक्तित्व विकास और कौशल प्रशिक्षण पर मिला विशेष मार्गदर्शन - June 16, 2026
