September 24, 2026

अदाणी पॉवर और अदाणी फाउंडेशन की ‘युवा सेतु’ पहल से ग्रामीण युवाओं को मिली नई उड़ान 10 गांवों के 132 युवाओं ने लिया हिस्सा, करियर, व्यक्तित्व विकास और कौशल प्रशिक्षण पर मिला विशेष मार्गदर्शन

0
IMG-20260616-WA0005.jpg

रायगढ़। ग्रामीण युवाओं को शिक्षा, कौशल और करियर के बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में अदाणी पॉवर लिमिटेड की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ‘युवा सेतु – यूथ एंगेजमेंट इनिशिएटिव’ का सफल शुभारंभ किया। रायगढ़ स्थित होटल ट्रिनिटी ग्रैंड में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में आसपास के 10 गांवों के 132 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को न केवल करियर संबंधी जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।

‘युवा सेतु’ पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सही दिशा और अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को करियर विकल्प, रोजगारपरक कौशल, संवाद कला, लक्ष्य निर्धारण, नेतृत्व क्षमता और मानसिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने युवाओं को बताया कि बदलते समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और कौशल विकास भी सफलता के लिए बेहद जरूरी हैं।

कार्यक्रम में यूनिसेफ के सामाजिक व्यवहार एवं संचार विशेषज्ञ अभिषेक सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा यदि सही दिशा, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़े, तो वह किसी भी चुनौती को अवसर में बदल सकता है। उन्होंने युवाओं को डिजिटल युग में नई तकनीकों और कौशलों को सीखने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, चाइल्ड प्रोटेक्शन एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ चेतना देसाई ने युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मबल और भावनात्मक संतुलन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध फिल्म कलाकार आकाश सोनी रहे। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। आकाश सोनी ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और मार्गदर्शन की होती है। उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत व समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके संबोधन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ‘युवा सेतु’ केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला अभियान है। उन्होंने बताया कि अदाणी फाउंडेशन आने वाले समय में इस पहल को और व्यापक रूप देगा तथा परिधीय गांवों के लगभग 1,000 युवाओं को इससे जोड़कर उन्हें करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को शैक्षणिक किट एवं खेल सामग्री भी वितरित की गई। इसका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों के प्रति भी प्रोत्साहित करना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सामुदायिक विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। फाउंडेशन विभिन्न सामाजिक पहलों के माध्यम से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘युवा सेतु’ पहल को ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *