शहर की सड़कों पर उतरी पुलिस, संदिग्धों में मचा हड़कंप
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की सघन फुट पेट्रोलिंग, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में कड़ा पहरा
रायगढ़। शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने सोमवार शाम सड़कों पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया। पुलिस की मौजूदगी से जहां आम नागरिकों ने राहत महसूस की, वहीं संदिग्ध और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जवानों को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
पेट्रोलिंग के दौरान हटरी बाजार, न्यू मार्केट, सराफा बाजार, सब्जी मार्केट, गौरीशंकर मंदिर मार्ग, बड़पारा, संजय कॉम्प्लेक्स, रेलवे स्टेशन, सत्तीगुड़ी चौक, बैकुंठपुर और राजीवनगर सहित कई इलाकों में पुलिस टीम ने पैदल भ्रमण किया। बड़पारा स्थित शराब भट्ठी के आसपास मौजूद संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर वाहनों की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे युवकों, शराबखोरी करने वालों तथा झगड़ा-विवाद की प्रवृत्ति रखने वाले व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस द्वारा शुरू की गई “विजुअल पुलिसिंग” पहल के तहत शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और अपराधियों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का एहसास कराना है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
«”शहर के हर क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। अड्डेबाजी, शराबखोरी, संदिग्ध गतिविधियों और शांति भंग करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” — एसएसपी शशि मोहन सिंह»
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








