September 23, 2026

इलाज के पैसों को लेकर हुआ विवाद, पति ने हथौड़ी से कुचल दी पत्नी की जिंदगी

0
IMG-20260624-WA0003.jpg

धरमजयगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

महिला सुरक्षा पर रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश, हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद

धरमजयगढ़/रायगढ़। घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। इलाज के लिए पैसों की मांग को लेकर शुरू हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे की हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस जांच के अनुसार ग्राम बाँसजोर निवासी श्यामलाल मंझवार (24 वर्ष) और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के बीच 17 जून की सुबह इलाज के खर्च को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी उठाई और पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 20 जून की शाम उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। मृतिका के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिला अपराधों पर पुलिस का कड़ा रुख

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी पुलिस ने त्वरित जांच कर आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

«”महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस त्वरित, निष्पक्ष और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”»

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *