September 23, 2026

घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट और धमकी; आरोपी सलाखों के पीछे

0
IMG-20260624-WA0002.jpg

“अभियान संवेदना” के तहत घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी

महिला अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश—छेड़छाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी कोई राहत

घरघोड़ा। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। थाना घरघोड़ा क्षेत्र में घर में अकेली युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवती 22 जून को अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) जबरन उसके घर में घुस गया और बेइज्जती करने की नीयत से उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा बाल पकड़कर मारपीट की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला।

घटना की शिकायत मिलते ही घरघोड़ा पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी। चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला अपराधों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी पुलिस ने महज कुछ घंटों में आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिदार, महिला प्रधान आरक्षक उषारानी तिर्की एवं आरक्षक यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

> “महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। छेड़छाड़, हिंसा और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *