July 16, 2026

‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा वार: 8.5 टन संदिग्ध कबाड़ और 6 चक्का ट्रक जब्त, ₹22 लाख की संपत्ति पर पुलिस का कब्जा

IMG-20260708-WA0003.jpg

छाल पुलिस का लगातार दूसरा बड़ा एक्शन, अवैध शराब के बाद अब कबाड़ माफियाओं पर कसा शिकंजा

रायगढ़, 8 जुलाई। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और उसे परिवहन कर रहे महिंद्रा 6 चक्का वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब ₹22 लाख मूल्य की संपत्ति अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।

सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर एक 6 चक्का ट्रक छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान ने थाना बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कराई।

जांच के दौरान महिंद्रा 6 चक्का वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री भरी मिली। चालक से परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष) निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, जिला कोरबा बताया। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने तथा कबाड़ संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने करीब 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप (अनुमानित कीमत ₹2 लाख) तथा महिंद्रा 6 चक्का वाहन (अनुमानित कीमत ₹20 लाख) जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल ₹22 लाख मूल्य की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जब्त किया गया कबाड़ कहां से लाया गया और उसका वास्तविक मालिक कौन है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के साथ प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे सहित थाना छाल की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।