September 24, 2026

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 8 IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, कई जिलों में बदले CEO और SDM

0
IMG-20260708-WA0002.jpg

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश, नगरीय प्रशासन, जिला पंचायत और राजस्व विभाग में बड़े बदलाव

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले एवं अतिरिक्त प्रभार से संबंधित महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। जारी आदेश में कुल 8 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत नगरीय प्रशासन, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA), जिला पंचायतों तथा राजस्व विभाग में व्यापक बदलाव किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार भा.प्र.से. 2011 बैच के अधिकारी रेमिजियुस एक्का, जो वर्तमान में संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

भा.प्र.से. 2019 बैच के गजेन्द्र सिंह ठाकुर, जो वर्तमान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी हैं, उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।

भा.प्र.से. 2020 बैच के प्रतीक जैन, जो मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बस्तर के पद पर कार्यरत थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

इसी प्रकार भा.प्र.से. 2020 बैच की सुश्री सुरुचि सिंह, जो मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजनांदगांव थीं, उन्हें आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई के पद पर पदस्थ किया गया है।

भा.प्र.से. 2021 बैच के जयंत नाहटा, वर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा, को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी बनाया गया है।

भा.प्र.से. 2023 बैच के एम. मार्गवंशी, जो अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव) के पद पर कार्यरत थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भा.प्र.से. 2023 बैच के तनमय खत्रा, वर्तमान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा (जिला कोरबा) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बस्तर के पद पर पदस्थ किया गया है।

वहीं भा.प्र.से. 2023 बैच के दुर्गा प्रसाद अधिकारी, जो अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा (जिला रायगढ़) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजनांदगांव के पद पर नियुक्त किया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *