48 घंटे में डबल चोरी का पर्दाफाश : महिला समेत 4 शातिर चोर गिरफ्तार, ₹2 लाख की मशरूका बरामद
🚔 निगरानी बदमाश शिवा सारथी गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे, चोरी से पहले की थी रेकी, CCTV और मुखबिर तंत्र से खुला राज
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो सनसनीखेज चोरी की वारदातों का खुलासा कर दिया। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने निगरानी बदमाश शिवा सारथी के नेतृत्व में सक्रिय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों में रायगढ़ पुलिस ने चोरी के पांच मामलों का सफल खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
दो वारदात, एक ही गैंग
पहली चोरी सूर्या बिहार, कौहाकुंडा में प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के घर के पोर्च से बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी की थी। वहीं दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 में हुई, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर लिया गया। गृहस्वामिनी अपनी सास के निधन के कारण बाहर गई थीं, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध महिला और पुरुष दिखाई दिए, जिनकी पहचान शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का सोने का टॉप्स बेचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शिवा को हिरासत में लिया और पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
पूछताछ में उगले कई राज
शिवा सारथी ने कबूल किया कि उसने अपने साथी कुश केरकेट्टा के साथ दिन में साइकिल चोरी की थी। उसी रात पत्नी पिंकी सारथी और साथी प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ मिलकर सूने मकान का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर नकदी और जेवर पार कर दिए। चोरी की रकम आपस में बांट ली गई और काफी राशि शराब तथा अन्य मौज-मस्ती में खर्च कर दी गई।
बरामदगी ने खोली गैंग की पोल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ₹63,700 नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर एवं सीडी-100 मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और मजबूत मुखबिर तंत्र की मदद से हर चोरी का त्वरित खुलासा किया जा रहा है। जिले में अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। नागरिक भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस की इस सफलता में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सिद्धांत येरेवार, पीएसआई मनीषा धुर्वे सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
➡️ एक बार फिर रायगढ़ पुलिस ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून के लंबे हाथों से बचना अब आसान नहीं है।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








