September 23, 2026

ऑपरेशन आघात का बड़ा प्रहार : घरघोड़ा पुलिस ने शराब तस्कर को दबोचा, स्कूटी से हो रही थी अंग्रेजी शराब की सप्लाई

0
IMG-20260805-WA0003.jpg

69 पाव अंग्रेजी शराब जब्त, स्कूटी भी कब्जे में… एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़/घरघोड़ा। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 69 पाव अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई है। बरामद शराब की कीमत ₹9,040 आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक घरघोड़ा बाईपास से टेरम की ओर स्कूटी में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग स्थित बंगाली ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी CG 13 BA 9789 को रोक लिया।

बोरे में छिपाकर ले जा रहा था शराब

तलाशी के दौरान स्कूटी के सामने रखे प्लास्टिक के बोरे से 50 पाव जिप्सी फाइन व्हिस्की और 19 पाव Mad Off अंग्रेजी शराब सहित कुल 69 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनता बिरहोर (23 वर्ष), निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा बताया।

आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज करते हुए धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। बरामद शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

अवैध शराब कारोबार पर लगातार शिकंजा

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर भारी पड़ रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शुभम मिश्रा एवं आरक्षक मनोज कुमार जोल्हे की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *