August 27, 2026

300 CCTV खंगाले, 10 दिन में खुला ट्रेलर डाला चोरी का राज

IMG-20260813-WA0006.jpg

₹21 लाख की संपत्ति बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार — चोरी का डाला ट्रेलर इंजन से जोड़कर रायपुर ले गए थे आरोपी

रायगढ़। सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले में कोतवाली पुलिस ने 10 दिन की लगातार जांच और 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गया डाला और इंजन समेत करीब ₹13 लाख का मशरूका, वारदात में पायलेटिंग के लिए इस्तेमाल करीब ₹8 लाख की कार और आरोपियों के मोबाइल जब्त किए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

🚨 रात 2:30 बजे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई की रात आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और करीब 2:30 बजे चोरी का डाला ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 8857 के इंजन से जोड़कर रायपुर की ओर रवाना कर दिया। पहचान से बचने के लिए आरोपियों ने मुख्य हाईवे और टोल मार्गों से दूरी बनाए रखी तथा बाईपास और कच्चे रास्तों का इस्तेमाल किया।

चोरी के ट्रेलर के आगे नीले रंग की कार CG 13 BA 7639 पायलेटिंग करती हुई चल रही थी। यही कार बाद में पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई।

🔎 300 CCTV फुटेज ने पहुंचाया आरोपियों तक

रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुट गई। घटनास्थल से लेकर रायपुर तक के रास्ते में लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

फुटेज में चोरी का डाला और उसके आगे चल रही पायलेटिंग कार की गतिविधियों को जोड़ते हुए पुलिस ने पूरे रूट को ट्रेस किया। CCTV से वाहन रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक पहुंचा, जिसके बाद RTO रिकॉर्ड के जरिए ट्रेलर मालिक तक पुलिस पहुंची।

🚨 RTO रिकॉर्ड से खुला पूरा नेटवर्क

ट्रेलर के मालिक जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथी पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी का डाला रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार को ₹4.30 लाख में बेचने की बात बताई। खरीदार के कहने पर डाला को इंजन सहित ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में रखा गया था।

पुलिस टीम ने दबिश देकर चोरी गया डाला और इंजन बरामद कर लिया।

💥 ₹21 लाख का मशरूका बरामद

पुलिस ने कार्रवाई में—

– ट्रेलर डाला एवं इंजन — करीब ₹13 लाख
– पायलेटिंग में इस्तेमाल कार CG 13 BA 7639 — करीब ₹8 लाख
– आरोपियों के मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य

जब्त किए हैं। कुल बरामद/जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹21 लाख बताई गई है।

👮 तीनों आरोपी गिरफ्तार, खरीदार फरार

मामले में जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी ड्रायवरी के पेशे से जुड़े हैं और उन्हें वाहनों व रास्तों की अच्छी जानकारी थी। इनमें आरोपी संदीप कुमार खत्री पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

चोरी का डाला खरीदने वाला हरचरण सिंह सरदार फिलहाल फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

🔥 पुलिस का संदेश—कितनी भी हो प्लानिंग, बचना मुश्किल

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। करीब 300 CCTV फुटेज की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल से पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।

उन्होंने कहा कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं है।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, एएसआई कौशल सिंह जगत तथा आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा एवं नितेश लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।