14 चक्का ट्रक में ठूंस-ठूंसकर 46 गौवंश की तस्करी! 7 की मौत, 39 का रेस्क्यू
ऑपरेशन शंखनाद में धरमजयगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई—पुलिस की घेराबंदी देख जंगल में ट्रक छोड़कर फरार हुए तस्कर
रायगढ़। गौवंश तस्करी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 14 चक्का ट्रक में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 46 गौवंश को बरामद किया। इनमें 7 गौवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 की रात करीब 2:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक के जरिए जंगल के रास्ते गौवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने पुलिस टीम को बरसापाली जंगल मार्ग की घेराबंदी के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही ट्रक में सवार तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर तिरपाल से ढके लावारिस ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली तो उसके भीतर गौवंश को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
तलाशी के दौरान 46 गौवंश बरामद हुए, जिनमें 7 मृत पाए गए। पुलिस टीम ने तत्काल जीवित 39 गौवंश को ट्रक से बाहर निकाला और उन्हें कांजी हाउस धरमजयगढ़ में पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई।
🚨 तस्करों की तलाश तेज
मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक एवं फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता अथवा संदिग्ध परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026
- “ऑपरेशन अंकुश” का जंगल में धावा!संबलपुरी जंगल में सज रहा था काटपत्ती का जुआ फड़, चक्रधरनगर-साइबर पुलिस ने मारी रेड - September 21, 2026








