चार महीने से फरार कुख्यात क्रिकेट सटोरिया सानू बेरीवाल गिरफ्तार
ऑपरेशन क्लीन हंट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो साथियों समेत दबोचा गया—ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क में UPI से होता था रकम का लेन-देन
रायगढ़। आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना चक्रधरनगर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करीब चार महीने से फरार चल रहे कथित मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सानू बेरीवाल (32), निवासी पंचवटी कॉलोनी, चक्रधरनगर; मोहित संथालिया (19), निवासी मोवा रायपुर; तथा विजय कुमार देवांगन (43), निवासी चक्रधरनगर रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 04 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पहले पकड़े गए सटोरियों ने खोला था नेटवर्क का राज
आईपीएल 2026 के दौरान 09 अप्रैल 2026 को ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश देकर पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को KKR और LSG के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर मोबाइल से सट्टा खिलाते पकड़ा था।
पूछताछ में सामने आया था कि दोनों आरोपी कथित तौर पर सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करते थे और UPI के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन करते थे।
इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को पुलिस ने पंचवटी नगर बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को CSK और DC के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा। पूछताछ में उसने भी करीब एक वर्ष से सानू बेरीवाल के लिए काम करने तथा UPI के जरिए रकम के लेन-देन की जानकारी दी थी।
इन मामलों में थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं 3(5) BNS के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 और 158/2026 दर्ज किए गए थे।
चार महीने से पुलिस की रडार पर थे आरोपी
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सानू बेरीवाल, मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन की कथित संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से तीनों पुलिस की नजर में थे और लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी के बीच 21 अगस्त 2026 को तीनों आरोपियों के उपस्थित मिलने पर उन्हें थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
चार मोबाइल जब्त, नेटवर्क की जांच जारी
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सानू बेरीवाल से 02 मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से 01 सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से 01 सैमसंग मोबाइल, कुल चार मोबाइल जब्त किए हैं।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों प्रकरणों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध सट्टे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा एवं साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में निरीक्षक राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई आशीष रात्रे सहित साइबर सेल और चक्रधरनगर पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








