गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा
सीसीटीवी से खुली वारदात की कड़ी, बिहार के खेत में छिपा था आरोपी; पूंजीपथरा पुलिस ने दबोचा
दोस्त को डांटने से भड़का विवेक, पिस्टल लेकर लौटा और गार्ड के पेट में दाग दी गोली
रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में प्राइवेट गार्ड पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद दूसरे राज्य में जाकर खेत में छिपे आरोपी विवेक कुमार यादव (19) को पूंजीपथरा पुलिस ने करीब दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है।

17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (43) ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। देर रात शराब दुकान आने को लेकर गार्ड ने दोनों को डांट-फटकार लगाई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद दोनों वहां से चले गए, लेकिन विवेक कथित तौर पर गार्ड की डांट से इस कदर नाराज हुआ कि लेबर क्वार्टर से पिस्टल लेकर वापस शराब दुकान पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गार्ड से गाली-गलौज की और पिस्टल से गोली चला दी। गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल गार्ड ने किसी तरह आहाता के पीछे छिपकर अपने साथियों को सूचना दी और डायल-112 को घटना की जानकारी दी।
सीसीटीवी ने खोली आरोपी तक पहुंचने की राह
घटना के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सुराग और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान से जुड़ी अहम जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि आरोपी अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था और वारदात के बाद अचानक फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके गृह जिले जमुई, बिहार में दबिश दी।
घर से भागकर खेत में छिपा, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद विवेक कुमार यादव को खेत से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने गार्ड पर फायरिंग की वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी बताया कि उसने अपने गांव में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। कथित तौर पर वह पिस्टल प्लांट के फोरमैन को डराने के लिए लेकर आया था।
दोस्त के रोने से भड़का गुस्सा, गार्ड को मारने पहुंचा
पुलिस पूछताछ के मुताबिक शराब दुकान पर गार्ड की डांट के बाद आरोपी और उसका साथी रोशन ठाकुर लेबर क्वार्टर लौट गए थे। साथी के परेशान होने और रोने से विवेक और भड़क गया। इसके बाद वह पिस्टल लेकर वापस शराब दुकान पहुंचा और गार्ड पर गोली चला दी।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार होकर बिहार भाग गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है। घटना में शामिल रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, आरक्षक विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी एवं विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधी किसी भी राज्य में जाकर छिपे, पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और आपसी समन्वय के आधार पर उसे कानून के दायरे में लाएगी।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








