रायगढ़ में पहली बार PM राहत योजना से मिला कैशलेस इलाज, सड़क हादसे में घायल युवक की बची जान
🚨 जिला प्रशासन और रायगढ़ पुलिस की त्वरित पहल, डेढ़ लाख तक मुफ्त इलाज सुविधा का मिला लाभ
🚨 सड़क दुर्घटना के बाद eDAR टीम, ट्रैफिक पुलिस और अस्पताल के समन्वय से शुरू हुआ तत्काल उपचार
📍 रायगढ़ — सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिले में एक बड़ी और सराहनीय पहल सामने आई है। थाना खरसिया क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल युवक को जिला प्रशासन, रायगढ़ पुलिस और eDAR टीम की तत्परता से PM राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार सुविधा दिलाई गई। यह रायगढ़ जिले का पहला मामला है, जिसमें इस योजना का लाभ देकर घायल का तत्काल इलाज शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार 06 मई 2026 को सोनबरसा मेन रोड पर बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे में बाइक सवार गुलशन राठिया, संजू राठिया और लव कुमार श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल खरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल लव कुमार श्रीवास (19 वर्ष) को परिजनों ने इलाज के लिए रायगढ़ के श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और eDAR टीम सक्रिय हुई और घायल को PM राहत योजना के तहत कैशलेस इलाज दिलाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की गई।
🔴 कैसे मिला कैशलेस इलाज ?
eDAR जिला प्रभारी दुर्गा प्रसाद प्रधान ने तुरंत डिप्टी कलेक्टर प्रियंका वर्मा और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह को जानकारी दी। अस्पताल से ही TMS पोर्टल पर दुर्घटना और घायल से जुड़े सभी दस्तावेज अपलोड किए गए। इसके बाद थाना खरसिया और ट्रैफिक शाखा की स्वीकृति के साथ कलेक्टर रायगढ़ द्वारा अनुमोदन दिया गया, जिसके बाद घायल युवक का कैशलेस उपचार शुरू हो सका।
⚠️ PM राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है।
🚔 कार चालक पर मामला दर्ज
घटना में थाना खरसिया में कार चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 125(ए), 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
👮 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
“सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना जीवन बचाने की सबसे बड़ी कड़ी है। रायगढ़ पुलिस जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर जरूरतमंद तक सरकारी राहत योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।”
✅ इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
डिप्टी कलेक्टर प्रियंका वर्मा, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, eDAR जिला प्रभारी दुर्गा प्रसाद प्रधान, प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे और श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल की टीम ने पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- 28 सितंबर की जनसुनवाई पर संग्राम! - September 23, 2026
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026








