ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ एक और कार्रवाई- रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 1120 नग गोगो रैपर के साथ एक व्यक्ति पकड़ाया
रायपुर के तिल्दा से खरीदकर पान ठेलों में चोरी-छिपे करता था बिक्री, कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं में की कार्रवाई
रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत दिनांक 09 जून 2026 की रात्रि थाना साइबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
▪️ *तलाशी में 20 डिब्बों में मिला 1120 नग गोगो रैपर*
संदेही सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 साल) सिंधी कॉलोनी पक्की खोली चक्रधरनगर के कब्जे से दो कार्टूनों में 20 डिब्बों में कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उक्त गोगो रैपर के अंदर तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इसका उपयोग किया जाता है।
▪️ *तिल्दा, रायपुर से खरीदकर पान ठेलों में करता था सप्लाई*
पूछताछ के दौरान संदेही ने बताया कि वह उक्त गोगो रैपर को तिल्दा, जिला रायपुर से लगभग 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बेचता था।
▪️ *कोटपा एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई*
अनावेदक सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस द्वारा उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170/123 एवं 135(क) के तहत भी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
▪️ *नशे के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा*
रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री तथा युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
👉🏻 *एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश* —
*”नशे को बढ़ावा देने वाले हर माध्यम और उससे जुड़े कारोबारियों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”*
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
