“इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेमजाल, शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण”
“अभियान संवेदना” के तहत पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
रायगढ़।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत एक और त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूंजीपथरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस मामले में धरमजयगढ़ क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने 11 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए तराईमाल स्थित प्लांट में कार्यरत होना बताया और धीरे-धीरे युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देता रहा। 23 जुलाई 2025 को आरोपी ने युवती को तराईमाल बुलाया और मजदूर क्वार्टर में ले जाकर विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया। इसके बाद आरोपी लंबे समय तक युवती को अपने साथ पत्नी की तरह रखकर उसका दैहिक शोषण करता रहा।
मामला तब और गंभीर हो गया जब अगस्त 2025 में युवती गर्भवती हो गई। आरोप है कि आरोपी ने पालन-पोषण करने में असमर्थता जताते हुए युवती को वापस उसके घर भेज दिया। बाद में जब युवती ने साथ रखने और विवाह की बात कही तो आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी पहली पत्नी पहले से गर्भवती है और उसका पीड़िता से कोई संबंध नहीं है। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया तथा चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एएसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सागर सारथी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता के साथ प्रेम संबंध एवं गर्भवती करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
🚔 गिरफ्तार आरोपी
सागर सारथी, पिता हबूचंद सारथी, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम चांदागढ़ (तमता), तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर (छ.ग.), हाल मुकाम सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़।
👮 कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
“अभियान संवेदना” के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
🗣️ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा—
«“महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”»
- 28 सितंबर की जनसुनवाई पर संग्राम! - September 23, 2026
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026








