September 23, 2026

शादी का वादा टूटा तो खुला राज! युवती की शिकायत पर 27 वर्षीय युवक गिरफ्तार

0
IMG-20260823-WA0019.jpg

अभियान संवेदना में रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई — लंबे समय तक संबंध बनाने, ₹2.50 लाख लेने और शादी से मुकरने का आरोप

रायगढ़। शादी का भरोसा देकर युवती से लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में किसी दूसरी युवती से शादी कर लेने के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने 27 वर्षीय युवक तरूण कुमार कर्ष को गिरफ्तार किया है। मामला सामने आते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और 21 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना घरघोड़ा क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ने 20 अगस्त 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप है कि वर्ष 2023 में मोबाइल फोन के माध्यम से उसकी पहचान तरूण कर्ष से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का वादा किया और सितंबर 2024 से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा।

मंदिर में शादी का दावा, सामाजिक विवाह का इंतजार

पीड़िता के अनुसार दोनों ने मंदिर में शादी भी की थी। इसके बावजूद वह आरोपी से सामाजिक रूप से विवाह करने की मांग करती रही। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कई बार शादी करने का भरोसा दिलाया। मार्च 2026 में आरोपी अपने पिता, दोस्त और जीजा के साथ रिश्ता लेकर पीड़िता के घर पहुंचा और नवंबर में शादी करने की बात कही।

पैसों की जरूरत बताकर ₹2.50 लाख लेने का आरोप

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर पैसों की जरूरत बताकर उससे करीब ₹2.50 लाख लिए। इसके बाद नौकरी के नाम पर रायपुर, बिलासपुर और अन्य स्थानों पर जाने की बात कहकर उसने बातचीत कम कर दी।

दूसरी शादी की खबर ने मचाया हड़कंप

पीड़िता के अनुसार 17 अगस्त 2026 को उसे जानकारी मिली कि तरूण ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। फोन पर पूछने पर आरोपी द्वारा शादी की बात स्वीकार करने और उससे विवाह से इनकार करने का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी।

इसके बाद युवती ने अपने परिजनों से चर्चा कर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

महिला थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी तरूण कुमार कर्ष पिता रोहित लाल कर्ष, उम्र 27 वर्ष, ग्राम ओडेकेरा, वार्ड नंबर 10, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

SSP शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में “अभियान संवेदना” के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में शिकायत प्राप्त होते ही संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है।

मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *