September 23, 2026

नवाचारी शिक्षक चन्द्र मणी चौहान राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित

0
IMG-20260908-WA0010.jpg

तमनार के छोटे से गांव से शिक्षा में नवाचार की बड़ी पहचान, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल

घरघोड़ा/रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचार, विद्यालयीन गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से अलग पहचान बनाने वाले तमनार विकासखंड के नवाचारी शिक्षक चन्द्र मणी चौहान का चयन राज्य शिक्षक सम्मान के लिए किया गया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा वर्ष 2027 के राज्य शिक्षक सम्मान की घोषणा में रायगढ़ जिले से प्राथमिक शाला केराखोल में पदस्थ शिक्षक चन्द्र मणी चौहान का नाम शामिल किया गया है।

राज्य शिक्षक सम्मान को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। इस सम्मान के लिए शिक्षकों के शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सुधार, नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रियता, समाज के साथ समन्वय, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान जैसे विभिन्न पहलुओं का आकलन किया जाता है।

गांव की पाठशाला को बनाया पहचान का केंद्र

तमनार विकासखंड के अंतिम छोर पर बसे छोटे से गांव में स्थित प्राथमिक शाला केराखोल में शिक्षक चन्द्र मणी चौहान ने शिक्षा को लेकर विशेष पहल की। उन्होंने केवल कक्षा तक सीमित न रहते हुए विद्यालय और ग्रामीण समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। ग्रामीणों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में उनके प्रयासों ने विद्यालय को नई पहचान दिलाई।

उनका लक्ष्य अपने विद्यालय को केवल ब्लॉक स्तर तक सीमित न रखते हुए जिला और प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाना रहा है। शिक्षकीय दायित्वों के साथ समाज के बीच सक्रिय सहभागिता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित कार्यशैली के चलते उन्होंने अपनी अलग छवि बनाई है।

नवाचार और सामाजिक जुड़ाव बना चयन का आधार

चन्द्र मणी चौहान की कार्यशैली में शैक्षणिक नवाचार के साथ सामाजिक सहभागिता का विशेष समावेश देखने को मिलता है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और ग्रामीणों में विद्यालय के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के प्रयासों को उनकी उपलब्धि का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं शिक्षक के मित्रों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

चन्द्र मणी चौहान का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत शिक्षकीय योगदान का सम्मान है, बल्कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा और नवाचार के माध्यम से बदलाव लाने वाले शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *