October 19, 2026

गौशाला के पास बाइक चोरी करने पहुंचा, पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा!

0
IMG-20260926-WA0005

ग्वालियर से रायगढ़ आया युवक बना सिलसिलेवार बाइक चोर, 5 चोरी की बाइक बरामद; कोतवाली के पांच मामलों का खुलासा

रायगढ़। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों के बीच कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को दौड़ाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 5 चोरी के दुपहिया वाहन, जिनमें एक एक्टिवा स्कूटी शामिल है, बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शहर में सिलसिलेवार वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के लिए पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। अलग-अलग स्थानों की फुटेज में एक ही संदिग्ध युवक दिखाई देने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।

🔥 गौशाला के पास फिर पहुंचा था चोरी करने, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा

24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गौशाला के पास एक संदिग्ध युवक बाइक से छेड़छाड़ करते देखा गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाई गई, जिसे उन्होंने बाइक से छेड़छाड़ कर भागे युवक के रूप में पहचान लिया।

इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में वायरलेस सेट के पास आरोपी नजर आया तो पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान निर्मल धाकड़ पिता उदल सिंह धाकड़, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंकपुर रोड निबुआपारा, मोरारगिर्द, थाना मोरार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।

💥 महिला मित्र से मिलने आया था रायगढ़, पैसे खत्म हुए तो शुरू कर दी बाइक चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। रायगढ़ आने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए। इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ऐसे बाइक और स्कूटरों को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रहती थी। चोरी के बाद वह उन्हीं वाहनों से घूमता और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को कहीं छोड़कर फरार हो जाता था।

🚨 एक गिरफ्तारी और खुल गए 5 चोरी के मामले

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कोतवाली थाने में दर्ज पांच बाइक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर निम्न वाहन बरामद किए—

  1. एक्टिवा स्कूटी CG 13R 5730 — नीलांचल भवन, बीडपारा से चोरी
  2. होंडा मोटरसाइकिल CG 13Z 2551 — मधुबनपारा से चोरी
  3. होंडा एचपी साइन CG 13AR 0699 — लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी
  4. होंडा साइन CG 08NC 2684 — ज्ञान मंदिर, लाल टंकी चौक मजार के सामने से चोरी
  5. पल्सर CG 13BK 8437 — जिला अस्पताल रायगढ़ से चोरी

इन मामलों में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 एवं 540/2026 का खुलासा हुआ है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

⚡ CCTV और मुखबिर तंत्र ने खोली चोरी की कड़ी

कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज को जोड़कर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद मुखबिर सूचना और स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। कार्रवाई ने शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं की जांच को महत्वपूर्ण सफलता दी है।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🗣️ एसएसपी की अपील—वाहन में चाबी छोड़ना पड़ सकता है भारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और वाहन में चाबी छोड़ने जैसी लापरवाही न करें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *