ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार: 6 वाहनों में 129.840 टन संदिग्ध कबाड़ जब्त
रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप, 53.60 लाख के स्क्रैप समेत 1.21 करोड़ की संपत्ति जब्त
रायगढ़/पूंजीपथरा। चोरी के माल की खपत और बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप के परिवहन के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 5 ट्रक और 1 माजदा समेत 6 वाहनों को पकड़ा। इन वाहनों से कुल 129.840 टन लोहे-टीन एवं अन्य स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 53.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए 6 वाहनों की कीमत करीब 68 लाख रुपये है। इस तरह स्क्रैप और वाहनों समेत कुल जब्ती का आंकड़ा करीब 1.21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वाहन चालकों से स्क्रैप के स्रोत और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस ने संदिग्ध माल को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
🔥 स्केनिया प्लांट के पास 23.990 टन संदिग्ध स्क्रैप पकड़ा
पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि UP63AT2054 नंबर के 14 चक्का ट्रक में लोहे के टुकड़े, टीन, राड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने स्केनिया प्लांट के पास ट्रक को रोककर तलाशी ली।
ट्रक से करीब 23.990 टन स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 8.49 लाख रुपये, बरामद हुआ। ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई। चालक राकेश गिरी, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश, स्क्रैप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक और स्क्रैप जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की।
🚨 पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी, 5 वाहन दबोचे
इसके बाद पुलिस ने पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। कार्रवाई में पांच वाहनों से कुल 105.850 टन स्क्रैप बरामद हुआ।
CG14MF0223 — 18.350 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹7.70 लाख
OD05R7085 — 24.830 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10.54 लाख
CG22U3873 माजदा — 13.040 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹5.77 लाख
OD29D4325 — 25.510 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10.83 लाख
OD19C4666 — 24.120 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10.24 लाख
इन सभी मामलों में पुलिस ने वाहन चालकों से स्क्रैप के दस्तावेज और स्रोत संबंधी जानकारी मांगी। दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए जाने पर वाहनों और स्क्रैप को जब्त कर आगे की जांच शुरू की गई।
⚡ अब पुलिस खंगालेगी स्क्रैप का पूरा नेटवर्क
कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल 129.840 टन स्क्रैप के स्रोत और उसकी संभावित खपत को लेकर है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतना भारी मात्रा में स्क्रैप कहां से आया, किसके जरिए परिवहन किया गया और इसे किन प्लांटों में खपाया जाना था। पुलिस के संदेश के मुताबिक वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में हुई। कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🗣️ एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि कबाड़ के नाम पर चोरी के माल की खपत, अवैध परिवहन और संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की नजर बनी हुई है। बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
- शासकीय कार्यों में लापरवाही पर गिरी गाज, ग्राम पंचायत नावापारा-ब के सचिव सुदर्शन कर्ष निलंबित - October 16, 2026
- अब घरघोड़ा में बैठेंगे कलेक्टर! हर बुधवार लगेगा प्रशासनिक दरबार, 4 नवंबर से होगी शुरुआत - October 16, 2026
- शेयर मार्केट में 70.77 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! - October 15, 2026
