ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा वार: पिकअप में ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 13 गौवंश मुक्त, तस्कर गिरफ्तार
लैलूंगा पुलिस की नाकेबंदी में तस्करी का खेल ध्वस्त, ₹11.04 लाख की संपत्ति जब्त; झारखंड-ओडिशा की ओर ले जाए जा रहे थे गौवंश

रायगढ़/लैलूंगा। गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मेन रोड पर घेराबंदी कर 13 गौवंशों से भरी पिकअप को पकड़ा और सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत करीब ₹11.04 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में मवेशियों को काला पन्नी से ढककर क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर झारखंड/ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम कुंजारा मेन रोड पर नाकेबंदी की।
दोपहर करीब 12:30 बजे घरघोड़ा की ओर से आ रही पिकअप क्रमांक T 0826 JH 4846 को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन के भीतर का नजारा देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई। पिकअप में 04 गाय, 08 बछिया और 01 बछुवा, कुल 13 गौवंश बंधे हुए मिले।
🔥 दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, पूछताछ में सामने आया तस्करी का आरोप
पुलिस ने चालक से गौवंशों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गौवंशों को झारखंड/ओडिशा की ओर बूचड़खाने ले जाने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी गौवंशों को वाहन से बाहर निकलवाया और सुरक्षित कराया।
💰 11.04 लाख की जब्ती
पुलिस ने कार्रवाई में—
13 गौवंश — अनुमानित कीमत ₹1.04 लाख
पिकअप वाहन — अनुमानित कीमत ₹10 लाख
कुल जब्ती — ₹11.04 लाख
बताई है।
मामले में आरोपी इमरान खान पिता मुस्तकीम खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 में कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
🐄 गौशाला में सुरक्षित रखे गए गौवंश
तस्करी के चंगुल से मुक्त कराए गए सभी 13 गौवंशों को ग्राम झरन स्थित गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ सुरक्षित रखवाया गया है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक इलियाजर टोप्पो एवं आरक्षक राजू कुमार तिग्गा शामिल रहे।
🚨 एसएसपी का दो टूक संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जिले में गौवंश की अवैध तस्करी एवं पशु क्रूरता के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक्शन जारी है—तस्करी के रास्ते पर पुलिस की नाकेबंदी और गौवंश तस्करों पर लगातार शिकंजा।
- शासकीय कार्यों में लापरवाही पर गिरी गाज, ग्राम पंचायत नावापारा-ब के सचिव सुदर्शन कर्ष निलंबित - October 16, 2026
- अब घरघोड़ा में बैठेंगे कलेक्टर! हर बुधवार लगेगा प्रशासनिक दरबार, 4 नवंबर से होगी शुरुआत - October 16, 2026
- शेयर मार्केट में 70.77 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! - October 15, 2026
