March 2, 2026

नवापारा ट्रैक्टर चोरी का खुलासा : 4 आरोपी सलाखों के पीछे

IMG-20260131-WA0006_copy_800x692.jpg

➡️ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बनी विशेष टीम ने सीसीटीवी व मुखबिर तंत्र से सुलझाई वारदात
➡️ बिना नंबर पल्सर बाइक सहित करीब 10.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त, बिक्री से पहले ही दबोचे गए चोर
➡️ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) के तहत कड़ी कार्रवाई
रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने नवापारा में हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर तेज और प्रभावी पुलिसिंग का परिचय दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दी गई।


ऐसे खुली चोरी की परतें
घटना 27–28 जनवरी की दरम्यानी रात की है, जब नवापारा निवासी संजय सिन्हा (58 वर्ष) के घर के सामने खड़ा ट्रैक्टर वाहन क्रमांक CG-13-BB-2313 इंजन व ट्रॉली सहित अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिया गया। 29 जनवरी को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई।


घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैद मिलीं। संदिग्धों के हुलिए मुखबिरों तक पहुंचाए गए और जल्द ही पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक स्थानीय ढाबे के पास ट्रॉली बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
बिक्री से पहले ही जाल में फंसे आरोपी


सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल दबिश देकर रामप्रसाद सारथी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों मिथलेश सारथी, योगेश कुमार धनवार और नरेश कुमार पटैल के साथ मिलकर पल्सर बाइक से ट्रैक्टर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए शेष तीनों आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से धर दबोचा।


10 लाख से अधिक की बरामदगी
आरोपियों की निशानदेही पर छाल रोड ग्राम बैहामुड़ा कटंगनारा-कोसाबाड़ी के पास छिपाकर रखा गया चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली (लगभग 9 लाख रुपये) तथा चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर पल्सर बाइक (लगभग 1.30 लाख रुपये) बरामद की गई। कुल मिलाकर करीब 10 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी
रामप्रसाद सारथी (22) – ग्राम तरेकेला, थाना छाल
मिथलेश सारथी (19) – फरकानारा चौकी जोबी, थाना खरसिया
योगेश कुमार धनवार (24) – ग्राम खर्रा, थाना छाल
नरेश कुमार पटैल (33) – ग्राम खर्रा
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरिश पटेल, उद्यो पटेल तथा स्थानीय युवक कालिया गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी की अपील – “सीसीटीवी बन रहा सबसे मजबूत हथियार”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आज के दौर में सीसीटीवी कैमरे केवल निगरानी का साधन नहीं, बल्कि अपराधियों की पहचान और अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी हथियार बन चुके हैं। हाल के कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज के कारण त्वरित कार्रवाई संभव हुई है।
उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से अपने परिसरों में कार्यशील सीसीटीवी लगाने, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि “जनसहयोग और तकनीक के मेल से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।”