मोर गांव–मोर पानी से बदलेगी घरघोड़ा की तक़दीर चेक डैम–स्टॉप डैम से बढ़ेगा जल स्तर, खेतों तक पहुँचेगा जीवन
जल संरक्षण में रायगढ़ बना मिसाल, भविष्य के जल संकट से निपटने की ठोस तैयारी
रायगढ़!मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और जिला प्रशासन की सशक्त पहल से रायगढ़ जिला जल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना “मोर गांव–मोर पानी महाअभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में भू-जल स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है और रायगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श जिले के रूप में पहचान बना रहा है।
इसी कड़ी में घरघोड़ा विकासखंड के तमनार क्षेत्र सहित कई ग्राम पंचायतों में चेक डैम एवं स्टॉप डैम निर्माण को स्वीकृति मिलने से ग्रामीण अंचल में उत्साह का माहौल है। वर्षों से जल संकट और सिंचाई की समस्या से जूझ रहे किसानों को यह सौगात नई उम्मीद दे रही है। सरपंचों और किसानों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
🌾 मनरेगा के तहत जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता
महात्मा गांधी नरेगा योजना अंतर्गत रायगढ़ जिले के सभी सात विकासखंडों में जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में—
डबरी निर्माण
स्टॉप डैम व चेक डैम
गैब्रियन संरचना
तालाब गहरीकरण एवं नवीन तालाब निर्माण
रेन वाटर हार्वेस्टिंग
लूज बोल्डर चेक डैम
मिनी परकोलेशन टैंक एवं कुआं निर्माण
जैसे कार्यों को बड़े पैमाने पर स्वीकृति दी गई है।
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार तमनार एवं पुसौर विकासखंड सेमी-क्रिटिकल श्रेणी में होने के कारण यहां जल संरक्षण पर 40 प्रतिशत व्यय, जबकि अन्य सुरक्षित विकासखंडों में 30 प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया गया है। इसका उद्देश्य आने वाले वर्षों में संभावित जल संकट से जिले को सुरक्षित रखना है।
🚰 सोक पिट निर्माण का वृहद और लक्ष्य आधारित अभियान
जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता को जल संवर्धन से जोड़ते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत—
10 दिनों में 1800 सोक पिट
100 दिनों में 18,000 सोक पिट
निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है।
विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रत्येक हितग्राही के घर के पास सोक पिट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे अपशिष्ट जल प्रबंधन के साथ-साथ भू-जल रिचार्ज भी सुनिश्चित हो सके।
🏆 राष्ट्रीय स्तर पर रायगढ़ को मिला सम्मान
जल प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए रायगढ़ जिले को जल शक्ति जन भागीदारी 1.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार (₹25 लाख) से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से उत्साहित जिला प्रशासन अब जल शक्ति जन भागीदारी 2.0 में भी शीर्ष स्थान प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
🏗️ घरघोड़ा विकासखंड में स्वीकृत चेक डैम व स्टॉप डैम
घरघोड़ा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण कार्यों को निम्नानुसार स्वीकृति दी गई है—
ग्राम पंचायत कया – स्टॉप डैम निर्माण: ₹16.681 लाख
ग्राम पंचायत बटुराकछार – स्टॉप डैम निर्माण: ₹16.681 लाख
ग्राम पंचायत चिमटापानी – चेक डैम निर्माण: ₹16.474 लाख
ग्राम पंचायत पुसल्दा – चेक डैम निर्माण: ₹16.440 लाख
ग्राम पंचायत टेरम – चेक डैम निर्माण: ₹17.002 लाख
ग्राम पंचायत चिल्कागुड़ा – चेक डैम निर्माण: ₹19.778 लाख
इन कार्यों की स्वीकृति पर सरपंच सुकान्ति राठिया, निकेश राठिया, ईंदरसाय राठिया, संतुराम राठिया, श्यामवती राठिया एवं प्रदीप कुमार राठिया सहित क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन संरचनाओं से भू-जल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और प्रत्येक पंचायत में लगभग 20 से 25 एकड़ भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और गांव आत्मनिर्भर बनेंगे।
