किराये के नाम पर ट्रेलर हड़पने का बड़ा खुलासाहोटल संचालिका से धोखाधड़ी, ट्रेलर का डाला बेचकर इंजन ठिकाने लगाने की साजिश
घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार – इंजन जप्त
रायगढ़!घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल संचालिका से किराये के बहाने ट्रेलर वाहन लेकर आरोपियों ने उसका डाला बेच दिया और इंजन को भी बेचने की तैयारी कर रहे थे। घरघोड़ा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई ने ठगी के पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
🔎 ऐसे रची गई थी धोखाधड़ी की साजिश
प्रार्थिया मीना चौहान (48 वर्ष) निवासी ग्राम कंचनपुर, जो घरघोड़ा–धरमजयगढ़ मार्ग पर होटल संचालित करती हैं, ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व 16 लाख रुपये में ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 खरीदा था। दस्तावेज लंबित होने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।
इसी दौरान स्वयं को ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइज़र बताने वाला परमेश्वर चौहान संपर्क में आया और प्रतिमाह 85 हजार रुपये किराये का झांसा देकर वाहन ले गया। कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया।
📍 जीपीएस ने खोला राज
संदेह होने पर जीपीएस लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे वाहन का पता कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में चला। मौके पर पहुंचने पर केवल ट्रेलर का इंजन मिला, जबकि डाला गायब था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 22 जनवरी 2026 को ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को भी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
🚔 गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर
परमेश्वर चौहान, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बैस्कीमुड़ा
लीलाम्बर प्रसाद चौहान, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम खेडआमा
दोनों थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया।
⚖️ सख्त संदेश
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने ट्रेलर का इंजन जप्त किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विश्वास में लेकर संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
