March 2, 2026

ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — पान दुकान में हुक्का पिलाने वाला संचालक पकड़ा गया

IMG-20260216-WA0005.jpg

रायगढ़!वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे और तंबाकू उत्पादों के अवैध उपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित एक पान एवं कॉस्मेटिक दुकान पर छापामार कार्रवाई कर सार्वजनिक रूप से हुक्का पिलाए जाने का खुलासा किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन के पास स्थित शंकर पान एवं कॉस्मेटिक दुकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान संचालक गिरीश भाठिया (36 वर्ष), निवासी पक्की खोली, चक्रधरनगर, रायगढ़ द्वारा दुकान में युवक-युवतियों को हुक्का पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी।

जांच में फ्लेवर युक्त तंबाकू पदार्थ का उपयोग भी सामने आया, जो सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा एक्ट) का उल्लंघन है। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट एवं फ्लेवर तंबाकू पदार्थ जप्त कर संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई (इस्तगासा) की।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में की गई। टीम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक नसिर खान सहित कोतवाली एवं साइबर थाना स्टाफ शामिल रहे।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा—

> “ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का अवैध उपयोग या युवाओं को इसकी सुविधा उपलब्ध कराना कानून का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।”

रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि जिले में नशे से जुड़े किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन आघात” के तहत आगे भी इस प्रकार की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।