April 18, 2026

घरघोड़ा जनसमस्या निवारण शिविर: समस्याओं का त्वरित समाधान, 43 हितग्राही मौके पर लाभान्वित

IMG-20260404-WA0018.jpg

रायगढ़। घरघोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आमजन के लिए राहत का केंद्र बनकर उभरा, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और कई को तत्काल समाधान मिला। विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से 43 हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर का अवलोकन करते हुए लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता को उनकी समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह पहल जनकल्याण के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

सांसद राठिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए पाइपलाइन विस्तार को प्राथमिकता दी जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित लाभ वितरण किया गया। कृषि, पशुधन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम, मछली पालन, स्वास्थ्य, राजस्व और पंचायत विभागों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।

उपस्थित जनप्रतिनिधि व अधिकारी
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मुरलीधर राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहनु पैकरा, उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, राजेश बेहरा, प्रबंध राठिया, हंसु गुप्ता, अवधेश ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया। इससे ग्रामीणों में संतोष और विश्वास का माहौल देखा गया तथा लोगों ने शासन-प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।