September 24, 2026

12वीं हिंदी विशिष्ट परीक्षा अब 10 अप्रैल को, प्रशासन ने कसी कमर

0
IMG-20260404-WA0021_copy_1351x760.jpg

23 मार्च की परीक्षा निरस्त, 100 केंद्रों के लिए विशेष प्रशिक्षण
गोपनीयता और सुरक्षा पर सख्त निर्देश, हर स्तर पर निगरानी व्यवस्था

रायगढ़। माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के अंतर्गत कक्षा 12वीं हिंदी विशिष्ट विषय की परीक्षा अब 10 अप्रैल को पुनः आयोजित की जाएगी। 23 मार्च को हुई परीक्षा को मंडल ने तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से निरस्त कर दिया था। पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

इसी क्रम में रायगढ़ के सृजन सभा कक्ष में जिले के सभी 100 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि या भ्रम की स्थिति न बने।

प्रशिक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंडल स्तर पर 30 मार्च को रायपुर में मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, जिसके बाद रायगढ़ जिले में मास्टर ट्रेनर संतोष चंद्रा (प्राचार्य, जूटमिल) एवं जे. सुजाता राव (प्राचार्या, महापल्ली) ने केंद्राध्यक्षों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण में गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन से लेकर परीक्षा उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन तक हर चरण को पीपीटी के माध्यम से समझाया गया। राज्य स्तर से समन्वयक केंद्र, वहां से थानों और फिर परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक थाने के लिए अलग-अलग परिवहन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और यह संपूर्ण कार्य केवल शासकीय वाहनों के माध्यम से ही किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को पुलिस नोडल नियुक्त किया गया है। रायगढ़ जिले में यह जिम्मेदारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी को सौंपी गई है, जो परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, केंद्रों पर व्यवस्था और उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन की निगरानी करेंगे।

प्रशासन ने साफ किया है कि 10 अप्रैल को होने वाली परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

प्रमुख रूप से उपस्थित अधिकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी धनराज मरकाम, सहायक नोडल अधिकारी भुवनेश्वर पटेल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रूबी वर्गीस, मास्टर ट्रेनरगण, जिले के सभी 100 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष तथा जिले के 16 थानों एवं पुलिस चौकियों के लिए नियुक्त परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर, प्रशासन ने इस बार किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश खत्म करते हुए परीक्षा को सख्त निगरानी में संपन्न कराने का स्पष्ट संदेश दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *