ऑपरेशन_प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 4 कबाड़ लोड वाहन पकड़े, 14.7 टन लोहा-टीना कबाड़ सहित 31 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
रायगढ़ — जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी के माल की खरीदी-बिक्री और अवैध कबाड़ परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन_प्रहार” लगातार बड़ी कार्रवाईयों के जरिए अपराधियों पर शिकंजा कस रहा है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक पर सघन नाकेबंदी कर चार कबाड़ लोड वाहनों को पकड़ते हुए भारी मात्रा में अवैध कबाड़ जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 14 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 23 हजार 800 रुपये बताई गई है। वहीं चारों वाहनों सहित कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में 09 मई 2026 को तमनार चौक पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि धरमजयगढ़-घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ सामग्री भरकर पूंजीपथरा की ओर लाई जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच शुरू की। जांच के दौरान सबसे पहले ट्रक क्रमांक CG 04 MR 2867 को रोका गया, जिसे चालक पुरूषोत्तम यादव चला रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब 03 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 800 रुपये आंकी गई।
इसके बाद पुलिस ने माजदा छः चक्का वाहन क्रमांक CG 14 MD 7161 को रोका, जिसे दीपक राम मांझी चला रहा था। वाहन में लगभग 04 टन कबाड़ सामग्री लोड मिली, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई।
इसी तरह माजदा वाहन क्रमांक CG 04 JD 7747 की जांच में चालक पुनवा राम नौरंग मिला। उसके वाहन से करीब 03 टन लोहा एवं टीना कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है।
वहीं चौथे वाहन माजदा क्रमांक CG 11 BM 6416 को चालक किशना सतनामी चला रहा था। जांच में वाहन से लगभग 04 टन कबाड़ सामग्री मिली, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस द्वारा चारों वाहन चालकों से कबाड़ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी चालक संतोषजनक जवाब अथवा वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कबाड़ सामग्री के चोरी अथवा संदिग्ध संपत्ति होने की आशंका पर पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज करते हुए बीएनएसएस एवं बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
👮 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
“रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन_प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा। चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उद्योग प्रबंधन, व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”
👉 कार्रवाई में शामिल आरोपी
▪️ पुरूषोत्तम यादव, निवासी धरमजयगढ़, जिला रायगढ़
▪️ दीपक राम मांझी, निवासी पालीडीह, जिला जशपुर
▪️ पुनवा राम नौरंग, निवासी कुटराबोर, जिला सक्ती
▪️ किशना सतनामी, निवासी नंदेली भांठा, जिला सक्ती
👉 कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के साथ सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेन्द्र पैंकरा एवं आरक्षक कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- महुआ के नशे पर पुलिस का प्रहार: कुडुमकेला में छापा, 26 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार - May 30, 2026
- आंगनबाड़ी में मासूमों को पिलाया जा रहा आयरनयुक्त दूषित पानी! स्वास्थ्य पर मंडरा रहा गंभीर खतरा छैडोरिया गांव की आंगनबाड़ी में पेयजल संकट, बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सेहत से हो रहा खिलवाड़ - May 30, 2026
- सत्ता की हनक या दफ्तरशाही का घमंड? सरगुजा में ‘खादी’ और ‘अधिकारी’ के बीच हाई-वोल्टेज दंगल!… FIR दर्ज… - May 28, 2026
