September 23, 2026

ऑपरेशन_प्रहार का बड़ा असर : चक्रधरनगर पुलिस ने 29 संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवालों को थाने लाकर की तस्दीक

0
IMG-20260510-WA0005.jpg

रायगढ़ — जिले में चोरी, नकबजनी, अवैध कबाड़ कारोबार और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन_प्रहार” लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवालों के खिलाफ विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 29 संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर थाना चक्रधरनगर लाया गया, जहां उनकी विस्तृत पूछताछ, तस्दीक और सत्यापन की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में घूमने वाले कुछ कबाड़ बीनने वाले एवं फेरीवाले चोरी और अवैध कबाड़ गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के स्रोत के रूप में सक्रिय हैं।

सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए चक्रधरनगर क्षेत्र में पुलिस टीम ने सघन अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित किया और सभी को थाना लाकर उनकी विस्तृत तस्दीक की गई। कार्रवाई के दौरान सभी 29 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने सभी संदिग्धों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की चोरी, अवैध कबाड़ खरीद-बिक्री अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों में उनकी संलिप्तता पाई गई तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

👮 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —

“ऑपरेशन_प्रहार के तहत चोरी, नकबजनी, अवैध कबाड़ कारोबार और ऐसे अपराधों को बढ़ावा देने वाले स्रोतों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऑपरेशन_प्रहार के तहत ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *