September 23, 2026

रायगढ़ पुलिस का महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर बड़ा प्रहार

0
IMG-20260510-WA0007.jpg

दुष्कर्म और छेड़खानी के दो आरोपी गिरफ्तार, SSP शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — “महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे”

रायगढ़! वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और छेड़खानी के दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला थाना पुलिस की इस कार्रवाई को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पुलिस की गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।

एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम ने दोनों मामलों में तेजी से विवेचना कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

🚨 शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महिला थाना में 08 मई 2026 को 27 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2017 में उसकी पहचान मोबाइल के जरिए आरोपी अकबर अली से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का वादा किया और वर्ष 2022 में युवती को रायगढ़ बुलाकर अपने दोस्त के घर ले गया, जहां शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार आरोपी बाद में उसे दिल्ली ले गया और करीब दो वर्षों तक किराये के मकान में साथ रखकर शादी का आश्वासन देता रहा। लेकिन 27 फरवरी 2026 को आरोपी उसे दिल्ली में छोड़कर रायगढ़ लौट आया और बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया।

महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर आरोपी अकबर अली पिता असगर अली, निवासी बाजीनपाली फटहामुड़ा, थाना जूटमिल, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में एट्रोसिटी एक्ट की धारा 3(2)(v) भी जोड़ी गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

🚨 महिला से छेड़खानी, अश्लील हरकत और मारपीट करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

एक अन्य मामले में 07 मई 2026 को महिला थाना में पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी अरविंद कुमार गुप्ता अक्सर उसे अकेला देखकर अश्लील हरकतें करता था और गलत इशारे करता था। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौच करता था।

पीड़िता ने बताया कि 06 मई की रात करीब 8:30 बजे वह अपने पति के साथ बाड़ी में थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा और अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने ईंट मारकर महिला को घायल कर दिया।

महिला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी अरविंद कुमार गुप्ता पिता हरीशचंद्र गुप्ता, निवासी टारपाली तेलीपारा, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

🚨 महिला थाना टीम की अहम भूमिका

दोनों मामलों में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव सहित महिला थाना एवं पुलिस लाइन स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🚨 SSP शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

> “महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को रायगढ़ पुलिस बख्शने वाली नहीं है। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीड़ित महिलाएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, हर शिकायत पर संवेदनशील और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” – शशि मोहन सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *